पुश्तैनी जमीन के विवाद में सगे भाइयों ने ली भाई की जान, सासनी के हत्या से गांव में सनसनी फैली,पुलिस जांच में जुटी।

 


हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकुर में शुक्रवार दोपहर जमीनी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया, जहां पुश्तैनी जमीन के टुकड़े के लिए दो सगे भाइयों और एक भतीजे ने मिलकर 48 वर्षीय भीमसेन की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना उस वक्त हुई जब भीमसेन अपनी अविवाहित पुत्री के साथ खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। इस हमले में बीच-बचाव करने उतरी उनकी पुत्री भी चोटिल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों नामजद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

मृतक भीमसेन का अपने भाइयों रवेंद्र, पूरना और भतीजे यशवीर के साथ लंबे समय से पुश्तैनी जमीन को लेकर मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार को जब भीमसेन खेत पर थे, तभी आरोपी वहां पहुंचे और बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण भीमसेन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 भीमसेन खेती-बाड़ी कर परिवार का गुजारा करते थे। उनकी पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका है, जबकि बेटा जयपुर में रहकर नौकरी करता है। घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पुत्रवधू की तहरीर पर तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वर्तमान में गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments