हाथरस जिले की कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों द्वारा चौहान ज्वेलर्स पर चोरी का प्रयास नाकाम, बदमाश CCTV कैमरे उखाड़ कर फरार हो गए।वही बदमाशों की यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।पुलिस अब इन्हीं सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश कर रही है।
आपको बता दे की सिकंदराराऊ कस्बे के व्यस्त राठी चौराहे स्थित चौहान ज्वेलर्स पर शनिवार देर रात करीब 3:30 बजे चोरी का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि बाजार में रात के समय पुलिस कांस्टेबल की तैनाती रहती है, इसके बावजूद बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।जानकारी के अनुसार, 3 से 4 युवक, जिन्होंने टोपी पहन रखी थी और अपने चेहरे ढक रखे थे, बंद दुकान पर पहुंचे। बदमाशों ने सबसे पहले दुकान के ऊपर लगे सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाया और उन्हें उखाड़ दिया,ताकि उनकी पहचान रिकॉर्ड न हो सके।इसके बाद उन्होंने दुकान के शटर में लगे तालों को तोड़ने का प्रयास किया।
दुकान मालिक विनोद कुमार चौहान का कहना है कि तालों पर तोड़फोड़ के साफ निशान मिले हैं।इसी बीच सुबह होने के चलते बाजार में चहल-पहल बढ़ने लगी, जिससे बदमाश घबरा गए और चोरी को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए। जाते समय वे उखाड़े गए दो सीसीटीवी कैमरे अपने साथ ले गए।
रविवार सुबह जब दुकान मालिक विनोद कुमार चौहान, निवासी मोहल्ला नौरंगाबाद, दुकान खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और उखड़े कैमरे देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि दुकान से कोई सामान चोरी नहीं हुआ, लेकिन चोरी की पूरी तैयारी की गई थी।
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग में कैमरे उखाड़े जाने तक की फुटेज सुरक्षित है, जिसमें 3 से 4 कम उम्र के युवक नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे आंशिक रूप से दिखाई देने की बात भी सामने आई है।सिटी इंचार्ज रामनरेश ने बताया कि जिस समय घटना हुई, उस दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मी राउंड पर गए हुए थे।वहीं कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने कहा कि तहरीर मिल गई है, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

0 Comments