हाथरस। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। हाथरस सदर के एसडीएम और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) राजबहादुर सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत विसंगतियों को दूर करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मुख्य रूप से उन मामलों पर ध्यान दिया जा रहा है जहाँ पिता के नाम में गलती है, एक ही फोटो या नाम की डुप्लीकेट प्रविष्टियां हैं, या फिर परिवार के सदस्यों के बीच आयु का अंतर तकनीकी रूप से संदिग्ध (जैसे 15 वर्ष से कम या 50 वर्ष से अधिक) पाया गया है।
एसडीएम सदर ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के विवरण में विसंगति मिली है, उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जनता की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है कि नोटिस मिलने पर मतदाताओं को तहसील या एईआरओ कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है; वे अपने आवश्यक पहचान पत्र और साक्ष्य सीधे अपने क्षेत्र के बीएलओ (BLO) को सौंप सकते हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले एक सटीक मतदाता सूची तैयार करना है ताकि किसी भी वास्तविक मतदाता को परेशानी न हो।

0 Comments