हाथरस के सासनी में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस स्टैंड के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय मशीन लेकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया। घटना के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार मशीन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं। बताया जा रहा है कि ट्रक पर लदी मशीन का आकार काफी अधिक था, जिसके चलते चालक संतुलन खो बैठा और मशीन बिजली के पोल में जा फंसी। इस हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली के क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए कड़ी मशक्कत के बाद मशीन को पोल से अलग करवाया और ट्रक को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि मशीन का साइज मानक से अधिक होने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि गनीमत रही कि सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां इसकी चपेट में नहीं आईं। पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया, जिसके बाद ट्रक को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments