हाथरस में आगामी महाशिवरात्रि पर्व को जनपद में शांति, आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को सासनी कोतवाली परिसर में जिला अधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने त्योहार की तैयारियों की समीक्षा की और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बैठक में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और प्रेम का प्रतीक है, जिसे सभी को मिलजुलकर पारंपरिक भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा न डाली जाए और निर्धारित रूटों का ही पालन किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद है, लेकिन व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि या किसी अप्रिय घटना की जानकारी मिलती है, तो वह बिना किसी देरी के तत्काल संबंधित इलाका पुलिस को सूचित करें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकेगी और किसी भी अप्रिय स्थिति को टाला जा सकेगा। अधिकारियों ने बैठक में मौजूद लोगों से अराजक तत्वों पर नजर रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर न फैलाने की भी हिदायत दी।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।


0 Comments