हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गोहाना चौकी के पास दिल्ली-टूंडला रेलवे ट्रैक पर शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ ट्रेन की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की गूँज सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े, जहाँ ट्रैक पर युवती का क्षत-विक्षत शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने बिना देरी किए इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना पाकर गोहाना चौकी इंचार्ज जोगिंदर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने सबसे पहले ट्रैक से शव को हटाया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती शिनाख्त के प्रयासों के बाद मृतका की पहचान मोना पुत्री राजकुमार, निवासी गोहाना के रूप में हुई। शिनाख्त होते ही पुलिस ने परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर पहुँचे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के करुण क्रंदन से वहाँ मौजूद हर व्यक्ति की आँखें नम हो गईं।
मृतका के चाचा शीशपाल ने बताया कि राजकुमार का परिवार वर्तमान में सिंह नगला स्थित एक ईंट भट्टे पर रहकर मजदूरी करता है। मोना भट्टे से अपने पैतृक गाँव गोहाना जा रही थी, तभी रेलवे ट्रैक पार करते समय वह काल की गाल में समा गई। उन्होंने बताया कि मोना तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी जिम्मेदारी और व्यवहार के कारण पूरा परिवार उस पर गर्व करता था। मात्र 6-7 महीने पहले ही मोना का रिश्ता तय हुआ था और घर में उसकी शादी की तैयारियाँ शुरू होने वाली थीं, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी ।


0 Comments