हाथरस में 10 फरवरी को मनेगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 8.71 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजॉल की दवा


हाथरस। 'कृमि से छुटकारा, सेहतमंद भविष्य हमारा' के संकल्प के साथ जनपद में आगामी 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में अंतर्विभागीय समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 01 से 19 वर्ष तक का कोई भी बच्चा दवा के सेवन से वंचित नहीं रहना चाहिए, चाहे वह स्कूल में पंजीकृत हो या स्कूल न जाने वाला हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी व निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों और ईंट-भट्ठों पर रहने वाले बच्चों तक भी इस अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि महाविद्यालयों में पढ़ रहे 19 वर्ष तक के युवाओं को भी चिन्हित कर उन्हें दवा उपलब्ध कराई जाए।

अभियान के दौरान बच्चों को एल्बेंडाजॉल की गोली शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की देखरेख में खिलाई जाएगी। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि दवा बच्चों को अपने सामने ही खिलानी है और इसे घर ले जाने के लिए किसी को भी नहीं दिया जाएगा। जो बच्चे 10 फरवरी को किसी कारणवश दवा नहीं खा पाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को 'मॉप-अप दिवस' के अवसर पर दवा दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी ने बैठक में बताया कि जनपद में लगभग 8.71 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत एक से दो वर्ष के बच्चों को आधी गोली तथा दो वर्ष से ऊपर के बच्चों को पूरी गोली खिलाई जाएगी। इस दवा के सेवन से बच्चों में एनीमिया की कमी दूर होगी, पोषण स्तर में सुधार आएगा और उनके मानसिक व शारीरिक विकास में मदद मिलेगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित शिक्षा और महिला कल्याण विभाग के तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments