हाथरस में सेवा निवृत पुलिसकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना

 


हाथरस जनपद के पुलिस विभाग में लम्बे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद शनिवार को दो पुलिसकर्मी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में एक सादे समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ क्षेत्राधिकारी लाइन हिमांशु माथुर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी। सेवानिवृत्त होने वालों में रेडियो उपनिरीक्षक ब्रह्म कुमार दीक्षित और मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस भगवान सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान इन पुलिसकर्मियों ने विभाग में बिताए अपने दशकों लंबे अनुभवों को साझा किया, जिसे उपस्थित अधिकारियों और परिजनों ने बेहद सम्मान के साथ सुना।

समारोह को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी में व्यक्ति अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सेवा को प्राथमिकता देता है। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके सुखद और स्वस्थ भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे बेझिझक कार्यालय आकर या फोन के माध्यम से सूचित कर सकते हैं, जिसका त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी को सेवानिवृत्ति के बाद खुद को व्यस्त और प्रसन्न रखने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा दोनों पुलिसकर्मियों को माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह के रूप में रामायण व गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्यामवीर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments