हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर गांव वारसे के निकट बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक सवार ने किसी तरह बाइक रोककर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सासनी क्षेत्र निवासी दीपू अपनी बाइक से आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर जा रहा था। गांव वारसे के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर उसने बाइक में पेट्रोल भरवाया। बताया गया कि पेट्रोल भरवाते समय कुछ पेट्रोल बाइक के ऊपर गिर गया था। पेट्रोल भरवाने के बाद दीपू बाइक लेकर कुछ ही दूरी तक पहुंचा था कि अचानक बाइक में आग लग गई।
चलती बाइक में आग की लपटें उठती देखकर दीपू घबरा गया और उसने तत्काल बाइक रोक दी। आग लगने की जानकारी होते ही हाईवे से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंच गए। राहगीरों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बाइक पर मिट्टी और पानी डालना शुरू कर दिया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बाइक में आग लगने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि समय रहते बाइक सवार नीचे उतर गया, जिससे वह किसी गंभीर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। आग से बाइक को नुकसान पहुंचा है।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पेट्रोल भरवाते समय सावधानी बरतने की अपील की, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments