हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे 93 पर स्थित फायर स्टेशन के सामने शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलखोरा कलां गांव निवासी श्यामवीर सिंह का पुत्र जगवीर अपनी बाइक से हाथरस से सासनी की ओर आ रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर फायर स्टेशन के निकट पहुंचा, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जगवीर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची एम्बुलेंस ने आनन-फानन में युवक को सासनी सीएचसी पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. पंकज कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। डॉ. पंकज ने बताया कि युवक की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments