बाइक में बेल्डिंग करते समय लगी भीषण आग,दुकानदार ने भागकर बचाई जान,बाइक आग में जलकर राख हो गई।


हाथरस जिले के कस्बा सासनी के रुदायन रोड पर एक वेल्डिंग की दुकान पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वेल्डिंग के दौरान एक बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला वोहरन निवासी प्रदीप पुत्र सीताराम ने अपनी बाइक का स्टैंड टूट जाने के कारण उसे ठीक करवाने के लिए एक युवक के साथ वेल्डिंग की दुकान पर भेजा था। दुकान पर जब कारीगर बाइक के स्टैंड की वेल्डिंग कर रहा था, तभी अचानक उसमें आग लग गई। आग को भड़कता देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने बाल्टी में पानी भरकर आग पर काबू पाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बाइक पूरी तरह जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बाइक पूरी तरह नष्ट हो गई। बेल्डिंग की दुकान पर आग बुझाने का कोई संसाधन नहीं था।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments