हाथरस जिले के अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 93 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजलीघर निवासी मिश्रीलाल पुत्र घूरेलाल अपनी साली मुन्नी देवी पत्नी कालीचरण को साइकिल पर बैठाकर सासनी से वापस अपने घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी साइकिल सासनी तहसील के निकट पहुंची, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने अनियंत्रित होकर उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों साइकिल समेत सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में दोनों घायलों को सासनी सीएचसी पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अन्नत कुमार ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उनकी स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया। फिलहाल घायलों का उपचार चल रहा है। घटना के बाद से अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments