हाथरस जिले की कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव कछपुरा में शुक्रवार को ट्रैक्टर के लेनदेन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब बीच-बचाव के नाम पर पहुंचे कुछ लोगों ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में दो सगे भाई और उनका नाती घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को उपचार के लिए हाथरस के बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव कछपुरा निवासी 64 वर्षीय गिरीश चंद्र पुत्र महेश चंद्र और 70 वर्षीय महेश चंद्र पुत्र भूप सिंह, जो सगे भाई हैं, के बीच ट्रैक्टर के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और विवाद में दखल देने लगे। परिजनों का आरोप है कि दोनों भाइयों ने उन्हें यह कहकर हस्तक्षेप करने से मना कर दिया कि यह उनका आपसी मामला है।आरोप है कि इसके बाद वे लोग वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा लौटे और आते ही फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में गिरीश चंद्र, महेश चंद्र तथा 17 वर्षीय रोहित पुत्र बॉबी घायल हो गए। रोहित दोनों घायल भाइयों का नाती बताया गया है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गिरीश चंद्र और महेश चंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों ने फायरिंग का आरोप धर्मेन्द्र, कपिल, राजा बाबू, अंशु और अभिषेक (पुत्र जयप्रकाश) पर लगाया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी चंदपा क्षेत्र के ओझा गांव के निवासी हैं। परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी धर्मेन्द्र पहले भी फायरिंग के एक मामले में जेल जा चुका है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है तथा तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments