हाथरस। थाना सासनी क्षेत्र के गांव लोहर्रा में सड़क पर अवैध कब्जे को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों को देख हमलावर फरार हो गए। घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाज़ुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव लोहर्रा निवासी अमित पुत्र देवी सिंह का गांव के ही कुछ लोगों से काफी समय से सड़क पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार की शाम इसी रंजिश के चलते आरोपी पक्ष ने अमित को घेर लिया और लाठी-डंडों से उस पर टूट पड़े। मारपीट के दौरान अमित गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
परिजनों ने घटना की शिकायत थाना सासनी पुलिस से की है। पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए सासनी सीएचसी भिजवाया था। जहां से डॉक्टरों ने उपचार करने के बाद उससे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसका उपचर जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments