हथरस जिले के सासनी कस्बा के बिजली घर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक युवक ने अपनी ससुराल पहुंचकर पड़ोसी के घर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक युवक अपनी पत्नी के उसे छोड़कर जाने से लंबे समय से अत्यधिक मानसिक तनाव में था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जिले की खुर्जा तहसील के गांव समस्तपुर निवासी 35 वर्षीय महेश का विवाह सासनी के बिजली घर निवासी रामबाबू की पुत्री आशा के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि महेश की पत्नी आशा के बिजली घर निवासी अरविंद पुत्र सूरजपाल के साथ अवैध संबंध थे और वह पहले भी तीन बार उसे व अपने बच्चों को छोड़कर अरविंद के साथ जा चुकी थी। करीब 16 जून को आशा फिर से अपने पति और बच्चों को छोड़कर अरविंद के साथ चली गई थी, जिससे महेश बेहद परेशान था।
इसी मानसिक परेशानी के चलते महेश 30 जून की देर शाम अपनी ससुराल सासनी आया था। देर रात करीब 1:00 बजे वह अचानक अरविंद के पिता सूरजपाल के घर में घुस गया और एक कमरे में जाकर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महेश की मौत हो चुकी थी। इस घटना से पड़ोसी सूरजपाल का परिवार भी सदमे में है। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है और महेश के बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से उनके भविष्य पर भी संकट गहरा गया है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।


0 Comments