हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज कर्मी की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घायल कर्मी ने दिल्ली ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार, सासनी कस्बे के मोहल्ला नया बिजलीघर निवासी 22 वर्षीय संजय कुमार पुत्र यतेंद्र कुमार शिवांग कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह संजय पैदल ही कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे। शिवांग कोल्ड स्टोरेज के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय गंभीर रूप से घायल हो गए और वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल संजय को उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया। परिजन संजय को दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। परिजन शव को वापस हाथरस ले आए और सासनी पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक अविवाहित थे। पुलिस अब अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments