भाकियू ने मनाई किसान मसीहा टिकैत की पुण्यतिथि, स्मार्ट मीटर हटाने को लेकर सौंपा ज्ञापन

 


हाथरस सासनी तहसील परिसर सासनी में किसान मसीहा परम श्रद्धेय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत जी की 15वीं पुण्यतिथि को 'जल-जंगल-जमीन-पर्यावरण बचाओ संकल्प दिवस' के रूप में बेहद श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान उपस्थित किसानों ने हवन-यज्ञ में आहुतियां दीं और टिकैत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद तहसील परिसर में एक विशाल किसान पंचायत का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मलखान सिंह ने की और कुशल संचालन जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार भोला सूर्यवंशी ने किया।

पंचायत के समापन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी नीरज शर्मा को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने क्षेत्र में लगे स्मार्ट मीटरों को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया। भाकियू नेताओं ने कहा कि जब से क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली उपभोक्ताओं का बुरा हाल हो चुका है और आम जनता अत्यधिक बिलों से त्रस्त है। किसानों ने पुरजोर मांग की कि इन नए स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाकर दोबारा पुराने मीटर लगाए जाएं। उन्होंने शासन-प्रशासन को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटरों को नहीं हटाया गया, तो भारतीय किसान यूनियन एक बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और स्थानीय प्रशासन की होगी।

इस संकल्प दिवस और पंचायत के अवसर पर तहसील परिसर में सैकड़ों की संख्या में किसान और महिलाएं उपस्थित रहीं। एकजुटता का प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मलखान सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार भोला सूर्यवंशी, सुनील शर्मा, ललित बघेल, गगन ठाकुर, अजीत कुशवाहा, दीपेश चौधरी, कपिल तोमर, शशि शर्मा, विमलेश देवी, नीरज देवी, कमलेश देवी, श्यामवती देवी, ललितेश देवी, नीरज चौधरी और बवितेश देवी सहित भारी संख्या में यूनियन के कार्यकर्ता व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी 

Post a Comment

0 Comments