हाथरस। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग अभियान के तहत एसओजी और थाना हसायन पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने श्यामपुर माता मंदिर रोड से अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान रोहित निवासी बपन्डई, बबलू और श्यामसुन्दर निवासीगण सिकन्द्राराऊ के रूप में हुई है। पकड़े गए अभियुक्तों की कब्जे व निशादेही से चोरी की सात मोटरसाइकिलें, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उनके पार्ट्स अलग-अलग करके कबाड़ में बेच देते थे और उससे मिलने वाले रुपयों से अपना खर्चा चलाते थे। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों से जिले में हो रही वाहन चोरी की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस ने यूपी 112 के डाटा का बारीकी से अध्ययन कर गूगल मैप के माध्यम से चोरी के हॉटस्पॉट चिन्हित किए थे, जिसके बाद सटीक रणनीति के तहत यह बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना हसायन प्रभारी निरीक्षक गिरीशचन्द्र गौतम और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments