हाथरस जिले की कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव धौरपुर में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच उस समय जमकर बवाल हो गया, जब कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। गांव में लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और हथौड़ों से हमला होने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक पक्ष से प्रधान पति के भाई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर घर की छत पर चढ़कर फायरिंग कर दी। वायरल वीडियो में युवक खुलेआम बंदूक से फायर करता दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरे वीडियो में प्रधान पति हाथ में हथौड़ा लेकर महिलाओं के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना के दौरान महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए।
इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

0 Comments