हाथरस जिले की सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर बट्टारी में बुधवार सुबह एक युवक द्वारा तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी लालू पुत्र नवाब सिंह (35) खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे। बुधवार सुबह उन्होंने अपने घर के कमरे में जाकर तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर लालू का शव पलंग पर पड़ा मिला तथा पास में तमंचा रखा हुआ था। सूचना मिलते ही सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी के अनुसार सुबह बच्चों के स्कूल जाने के बाद घर के कामकाज के दौरान उसने पति को जगाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि लालू गुस्से में कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसने अपने साले को फोन कर कहा कि “तेरी-मेरी आखिरी मुलाकात है, अब मैं जा रहा हूं।” इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।
परिजनों के मुताबिक लालू की शादी करीब सात वर्ष पहले गांव ईटॉर्नी में हुई थी। उसके पीछे पत्नी, दो मासूम बच्चे और वृद्ध पिता हैं। परिवार में अक्सर मामूली घरेलू विवाद होते थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा।
कोतवाल शिवकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके से मिले अवैध तमंचे को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

0 Comments