हाथरस सासनी के मोहल्ला अजीत नगर के निवासी इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें महीनों बीत जाने के बाद भी ठीक नहीं कराई गई हैं, जिससे पूरा इलाका धूल और गड्ढों में तब्दील हो चुका है। कचहरी के सामने वाला मुख्य मार्ग भी वर्षों से कच्चा पड़ा है, जिसके कारण राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव वार्ष्णेय जहां मिट्टी डालने का तर्क देकर निर्माण कार्य रुकने की बात कह रहे हैं, वहीं स्थानीय निवासी बच्चू कौशिक, हरवीर सिंह और प्रवीण शर्मा जैसे दर्जनों लोगों का दावा है कि मिट्टी डालने का काम काफी समय पहले पूरा हो चुका है। जल निकासी के लिए नालियों का अभाव स्थिति को और भी भयावह बना रहा है, जिससे मोहल्ले में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। टेंडर होने के बावजूद धरातल पर काम शुरू न होने से आक्रोशित निवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क और नाली निर्माण की मांग की है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments