सासनी (हाथरस)। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 93) पर रामवती पेट्रोल पंप के पास हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ऐतिहासिक विकास प्रदर्शनी (मेला) का शानदार आगाज हो चुका है। मेले का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा सदर विधायक अंजुला माहौर,अनुराग अग्निहोत्री ने विधिवत रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने मेले की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय जनता और बच्चों के मनोरंजन के लिए बेहद जरूरी हैं।
यह मेला प्रदर्शनी क्षेत्र में हर साल आयोजित की जाती है, जो स्थानीय और क्षेत्रीय जनता के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बनती है। इस वर्ष भी मेले में नन्हे-मुन्ने बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए तरह-तरह के आधुनिक झूले लगाए गए हैं। मेले में आए मुख्य आकर्षणों में बड़ा झूला, नाव झूला, ड्रैगन ट्रेन झूला और ब्रेक डांस झूला शामिल हैं, जिनका क्षेत्रीय जनता जमकर लुत्फ उठा रही है। इसके अलावा खाने-पीने और खरीदारी के लिए भी विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं।
मेले के सफल आयोजन में ठेकेदार हेमंत वार्ष्णेय और अंकित वार्ष्णेय के साथ मेला व्यवस्थापक शेर खां पूरी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। उद्घाटन के इस गरिमामयी अवसर पर राजा जी, नीलू पंडित, अविनाश तिवारी, विपुल लुहाड़िया, लेखपाल विवेक वार्ष्णेय, लोकपाल गौरव चौधरी और सभासद नीता गुप्ता सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेले को लेकर स्थानीय लोगों और बच्चों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा की कमान दाल वाल के साथ सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने सांभली।



0 Comments