उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। पूरे दिन भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को शाम होते-होते बड़ी राहत मिल गई। करीब शाम 6 बजकर 45 मिनट पर आसमान में काले बादल छा गए और बिजली की तेज कड़कड़ाहट के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को पूरी तरह सुहाना बना दिया।
बताया जा रहा है कि सुबह से ही तेज धूप के चलते तापमान करीब 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हालत यह थी कि घरों में चल रहे एसी और कूलर भी गर्मी के आगे बेअसर नजर आने लगे थे। लेकिन शाम को अचानक हुई बारिश ने लोगों को राहत की सांस दी। तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई।
बारिश के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और ठंडी हवाओं के बीच मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरों पर राहत साफ नजर आई।वहीं मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले तीन घंटों के भीतर जिले में तेज आंधी और बारिश जारी रह सकती है। विभाग के अनुसार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर की भीषण गर्मी के बाद यह बारिश किसी राहत से कम नहीं है। फिलहाल बारिश के साथ ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना हो गया है और लोग इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं।

0 Comments