उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नीति निवास में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के प्राथमिक विद्यालय के समीप गंदे पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक प्राथमिक विद्यालय की पुरानी और जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरते ही वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में डालचंद पुत्र सीताराम (45 वर्ष), सोनपाल पुत्र सीताराम (55 वर्ष) निवासी नीति निवास तथा मोहित पुत्र प्रेम कुमार (25 वर्ष) मलबे में दब गए थे। हादसे में डालचंद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मोहित को उपचार के लिए आगरा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं सोनपाल का उपचार जारी बताया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। ग्रामीणों ने हादसे के लिए निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही और जर्जर दीवार को जिम्मेदार ठहराया है।
रिपोर्ट BY- गौरव शर्मा सादाबाद।

0 Comments