हाथरस जिले की सासनी कोतवाली में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग व्यवस्था को परखने के लिए एडीजी आगरा जोन एसके भगत ने सासनी कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। एडीजी ने थाने के विभिन्न पटलों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी एसके भगत ने साइबर हेल्प डेस्क, महिला पुलिस चौकी, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष और प्रभारी निरीक्षक कार्यालय का सघन अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव को देखने के लिए रिकॉर्ड रूम और जीडी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, अपराधियों पर नकेल कसने और थाने में आने वाले फरियादियों के साथ शालीनता से व्यवहार करने की हिदायत दी।
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान एक खास आयोजन भी किया गया, जिसमें एडीजी आगरा जोन द्वारा क्षेत्र के 12 असहाय गरीब छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन के रूप में बाइसिकल वितरित की गईं। पुलिस के हाथों अचानक यह उपहार पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।औचक निरीक्षण के दौरान जिले के आला अधिकारी भी मौके पर मुस्तैद रहे।
इस अवसर पर हाथरस के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, सीओ सिटी हिमांशु माथुर, सिकंदराराऊ सीओ जेएस अस्थाना, सादाबाद सीओ और सासनी थाना प्रभारी विपिन चौधरी सहित थाने का समस्त स्टाफ और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। एडीजी जोन आगरा एस.के. भगत ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारों के मद्देनजर अलीगढ़ जाते समय पुलिस अधीक्षक हाथरस के अनुरोध पर सासनी कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला पुलिस चौकी, साइबर सेल, यक्ष कंट्रोल रूम और थाने के अन्य कार्यालयों के कामकाज व व्यवस्थाओं को परखा।
एडीजी ने बताया कि मुख्यालय से मिले निर्देशों के क्रम में ग्राउंड लेवल पर अच्छा काम हो रहा है और पुलिस कर्मियों ने काफी बेहतर प्रगति की है। इसके साथ ही, एडीजी ने एसपी हाथरस के निर्देशन में पुलिस द्वारा 12 गरीब बच्चियों को गोद लेकर उनकी देखरेख करने और उन्हें साइकिल वितरित करने के कार्य को बेहद सराहनीय बताया।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।


0 Comments