5 साल से फरार तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का आरोपी खुर्जा से गिरफ्तार

 


उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस की सासनी, महिला थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक बड़े मामले का भंडाफोड़ करते हुए विगत पांच वर्षों से फरार चल रहे दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक के आरोपी सोनू खां को खुर्जा सिटी स्टेशन से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में नया मोड़ तब आया था जब आरोपी की मां रसीदन ने अपने बेटे को मृत दर्शाते हुए अपनी ही पुत्रवधू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए माननीय न्यायालय में वाद दायर कर दिया था और आईजीआरएस के माध्यम से पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई थी।

पूरा मामला वर्ष 2021 का है, जब पीड़ित पत्नी ने महिला थाना हाथरस में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके पति सोनू खां, सास और ससुर ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था, लेकिन सोनू खां गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा था। न्यायालय में नियत तिथियों पर हाजिर न होने के कारण माननीय न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था। इस बीच आरोपी की मां ने पुलिस को गुमराह करने और पुत्रवधू को फंसाने के उद्देश्य से अपने बेटे की हत्या की झूठी कहानी रच डाली।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में सासनी थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी, एसओजी और सर्विलांस सेल की एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस सेल की तकनीकी मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए आरोपी का सुराग लगाया। मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी खुर्जा में नाम बदलकर और छिपकर एक कंपनी में काम कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी सोनू खां पुत्र बहादुर खां, निवासी आशानगर (थाना सासनी, हाथरस) को खुर्जा सिटी स्टेशन से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जिससे उसकी मां द्वारा रची गई हत्या की झूठी साजिश का भी पूरी तरह भंडाफोड़ हो गया है।

Post a Comment

0 Comments