हाथरस जिले की हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के महौं गांव के पास एक सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, टेंपो एटा जिले के जलेसर से सवारियां लेकर हाथरस जंक्शन की ओर आ रहा था, तभी रास्ते में एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में हाथरस जंक्शन के पवलोई निवासी तीन वर्षीय मासूम दिव्यांशी व उसकी मां नीतू, अलीगढ़ के इगलास निवासी आर्यन, अश्वनी, दिनेश, विजय सिंह और अभिषेक सहित एटा के सकरौली निवासी पुष्पा देवी शामिल हैं। फिलहाल सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस घटना की जांच कर रही है।

0 Comments