हाथरस: बिजली विभाग की लापरवाही ने ली मासूम की जान, 11 हजार की लाइन की चपेट में आने से छात्र की मौत।

 


हाथरस जिले की सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के हाथरस-सिकंद्राराऊ-कासगंज मार्ग पर स्थित गांव हबीबपुर में बिजली विभाग की एक बड़ी लापरवाही के कारण एक 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। सुबह किसी काम से जा रहा छात्र रास्ते में टूटे पड़े 11,000 वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, हबीबपुर गांव निवासी ओमवीर सिंह का 15 वर्षीय पुत्र विनोद कक्षा 9 का छात्र था। सोमवार सुबह वह शौच के लिए खेतों की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बिजली का हाईटेंशन तार टूटा हुआ पड़ा था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। अंधेरे और अनजाने में विनोद का पैर अचानक उस हाईटेंशन तार पर पड़ गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि विनोद को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक विनोद के पिता ओमवीर सिंह गुड़गांव की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जब उन्हें फोन पर बेटे की इस दर्दनाक मौत की खबर मिली, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के प्रधान ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि यह हाईटेंशन लाइन काफी समय से टूटी हुई पड़ी थी। इसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से की गई थी, लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया और न ही कोई ठोस कार्रवाई की। विभाग की इसी घोर लापरवाही का खामियाजा आज एक मासूम को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों में इस घटना को लेकर बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments