सासनी (हाथरस)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं में किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत की गिरफ्तारी को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को भाकियू के जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भोला सूर्यवंशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान सासनी कोतवाली पहुंचे, जहाँ उन्होंने ओडिशा प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान संगठन की ओर से महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सासनी पुलिस को सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ओडिशा प्रशासन द्वारा किसान नेता राकेश टिकैत और अन्य किसानों की गिरफ्तारी एक निंदनीय और तानाशाही पूर्ण कृत्य है। भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसान नेता को तत्काल प्रभाव से ससम्मान रिहा नहीं किया गया, तो पूरे भारत वर्ष में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।
जिला उपाध्यक्ष संजीव सूर्यवंशी ने कहा कि किसानों की आवाज को दबाने के लिए सरकार दमनकारी नीतियां अपना रही है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर गगन ठाकुर, दीपक उपाध्याय, कुलचन्द्र सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments