सिकंदराराऊ में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट का खुलासा, मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार,दो बदमाशों के पैर में कवि गोली

हाथरस जनपद की एसओजी और सिकंदराराऊ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 18 मार्च को ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक से हुई लूट की घटना का सनसनीखेज खुलासा किया है। बुधवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल काली स्कॉर्पियो, तीन तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस और लूटे गए 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशानुसार गठित टीमों ने घटना के अनावरण के लिए अलीगढ़, मथुरा और कासगंज सहित कई जनपदों के करीब 350 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला था, जिससे संदिग्ध स्कॉर्पियो की पहचान हुई। बुधवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने जब उक्त गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में यश कसाना (निवासी गाजियाबाद) और विशाल (निवासी कासगंज) घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इनका तीसरा साथी विक्की (निवासी इटावा) भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिन पर गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में भी गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम की इस सफलता पर उच्चाधिकारियों ने सराहना की है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments