हाथरस जिले के मथुरा रोड स्थित बिजली घर पर किसान नेताओं के साथ सेकंडों की संख्या में पहुंच किसानों ने बिजली व्यवस्था से नाराज होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के बैनर तले राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और कृष्ण प्रधान के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा।
किसानों का आरोप था कि क्षेत्र के कई गांवों में हाई टेंशन विद्युत लाइनें बेहद जर्जर स्थिति में हैं, इन जर्जर लाइनों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और भविष्य में गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। किसानों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन के उच्च अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने अपर्याप्त बिजली आपूर्ति पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि खेती के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जिससे उनकी फसल प्रभावित हो रही है। इसके अलावा किसानों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने और विद्युत विजिलेंस की कार्रवाई का भी विरोध किया।

0 Comments