हाथरस जिले के सासनी कस्बे में त्योहार की खुशियों के बीच रामनगर के एक परिवार पर उस समय संकट के बादल मंडरा गए, जब बाजार से करवा चौथ का सामान खरीदकर गांव लौट रहे दंपती की मोपेड को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि इस दर्दनाक हादसे में परिवार के तीनों सदस्य बाल-बाल बच गए, हालांकि मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी जीतेश पुत्र ओंकार अपनी पत्नी पार्वती और चार वर्षीय पुत्री चारु के साथ करवा चौथ का सामान खरीदने के लिए सासनी बाजार आए थे। त्योहार की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार अपनी मोपेड पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था।
जैसे ही उनकी मोपेड सासनी-अलीगढ़ रोड पर पुरानी सब्जी मंडी के निकट पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड ट्रैक्टर के नीचे फंस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन की चपेट में आने से जीतेश, उनकी पत्नी और मासूम बेटी मौत के मुंह में जाते-जाते बचे। ईश्वर की कृपा और समय रहते नियंत्रण पाने से तीनों की जान बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सागर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए ट्रैक्टर के नीचे फंसी मोपेड को बाहर निकलवाया और जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू किया। इस घटना के बाद से परिवार के लोग और मासूम बच्ची गहरे सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस मौके से फरार हुए ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments