हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सासनी बिजली घर के निकट NH 93 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मिर्ची से भरा एक अनियंत्रित लोडर टेंपो वहां से गुजर रहे बाइक सवारों के ऊपर पलट गया। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो लोग टेंपो के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए घायलों को टेंपो के नीचे से बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत अत्यंत नाजुक देखते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान गांव राघानीय निवासी सलमान पुत्र साबुद्दीन और रमेश चंद (पुत्र संकर लाल, निवासी सासनी) के रूप में हुई है।
हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर लगे जाम को खुलवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारू होने पर यात्रियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments