हाथरस जिले के सासनी में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमिया बाबा के निकट सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार टेंपो और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार पिता और टेंपो सवार एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मृतक की 19 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और दोनों परिवारों में कोहराम छा गया।
जनपद अलीगढ़ के थाना लोधा क्षेत्र अंतर्गत गांव बादबामनी निवासी 46 वर्षीय गेंदालाल मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते थे। सोमवार को वह अपनी 19 वर्षीय बेटी शिवानी के साथ हाथरस के हतीसा गांव में एक रिश्तेदारी में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय जैसे ही उनकी बाइक आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर भूमिया बाबा के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गेंदालाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवती को तुरंत निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सड़क हादसे के दौरान पिता-पुत्री द्वारा तेरहवीं से लाया जा रहा प्रसाद भी सड़क पर बिखर गया।
उधर, इस भीषण भिड़ंत में टेंपो में सवार हाथरस के नाई का नगला निवासी 62 वर्षीय बृजकिशोर पुत्र ज्वाला सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पिता का शव देख पुत्र का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह उनके सीने से लगकर फूट-फूटकर रोने लगा।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments