हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-93 पर श्री हनुमान चौकी के निकट रविवार शाम को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तुरंत सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे अलीगढ़ के सासनी गेट निवासी नीरज पुत्र राजा बाबू अपने मित्र चंद्रमोहन पुत्र राजेश वर्मा के साथ हाथरस से बाइक पर ऑफिस का कार्य समाप्त कर अपने घर अलीगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा यानी अलीगढ़ की तरफ से आ रहे सासनी क्षेत्र के नगला फतेला गांव निवासी तिलक पुत्र राधे लाला अपनी बाइक से गांव आ रहा था। जैसे ही दोनों वाहन श्री हनुमान चौकी के पास पहुंचे, उनकी आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सासनी सीएचसी में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों ने तीनों का उपचार शुरू किया, लेकिन चंद्रमोहन और तिलक की हालत अधिक गंभीर होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने तीनों घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments