सासनी में बारह वफात का जुलूस: चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रही पुलिस, चाक-चौबंद सुरक्षा और सुचारु यातायात के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ आयोजन

 


हाथरस जिले के सासनी कस्बे में बुधवार दोपहर बारह वफात का जुलूस पूरी धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ निकाला गया, जिसमें पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था और पैनी नजर मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार का कोई जाम न लग सके और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहे, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

तयशुदा मार्गों से निकाले गए इस जुलूस में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ-साथ युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी भारी संख्या में भाग लिया। इस दौरान पूरा कस्बा धार्मिक नारों और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में पढ़ी जा रही नात व कलाम से गूंज उठा। जुलूस के रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने स्वागत करने के साथ-साथ पानी आदि की उचित व्यवस्था की थी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत सासनी पुलिस-प्रशासन ने हर संवेदनशील स्थान पर भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। पुलिसकर्मी लगातार जुलूस के साथ-साथ चलते रहे और पल-पल की गतिविधि पर नजर बनाए रहे। जुलूस के दौरान मार्ग में यातायात बाधित न हो और आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए कड़े प्रबंध किए थे, जिससे कस्बे के चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा दिखाई दिया। अधिकारियों की लगातार निगरानी और आयोजकों की ओर से शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील के चलते यह धार्मिक आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments