उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान एक यात्री अचानक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में फंस गया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और रेलवे कर्मचारियों की सूझबूझ से यात्री की जान बच गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक यात्री ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान अचानक संतुलन खो बैठा और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में ट्रेन की सीढ़ियों के पास फंस गया। वही घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी और वहां मौजूद यात्रियों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सभी ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद फंसे हुए यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि समय रहते राहत कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया और यात्री की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी। यात्री को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।यह घटना एक बार फिर रेलवे यात्रियों के लिए सतर्कता का संदेश देती है।
वही रेलवे कर्मियों ने कहना है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है। रेलवे प्रशासन भी लगातार यात्रियों से सावधानी बरतने और पूरी तरह ट्रेन रुकने के बाद ही चढ़ने और उतरने की अपील करता रहा है।

0 Comments