आगरा-अलीगढ़ नेशनल पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में एक महिला की मौत,दो युवक गंभीर रूप से घायल

हाथरस जिले के सासनी आगरा-अलीगढ़ रोड पर श्री हनुमान जी चौकी के पास शुक्रवार की सुबह दो बाइकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनाक्रम के अनुसार, अलीगढ़ के गांधी पार्क निवासी सूरज पुत्र विनोद अपनी पत्नी वर्षा के साथ बाइक पर सवार होकर अलीगढ़ से सासनी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ के ही थाना बन्ना देवी क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी निवासी नरेंद्र पुत्र प्रेमपाल सिंह अपनी बाइक से सासनी से अलीगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों बाइक सवार श्री हनुमान जी चौकी के निकट पहुंचे, तभी दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सूरज की पत्नी वर्षा को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने सूरज और नरेंद्र को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन सूरज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, मौके पर पहुंचे नरेंद्र के परिजन उसे प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल ले गए। पुलिस द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments