मथुरा जिले के कोसीकला की होनहार बेटी अक्षिता जैन ने गुजरात पीसीएस (J) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 26वीं रैंक हासिल कर सिविल जज के पद पर नियुक्ति प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि हाथरस में उनकी ननिहाल में खुशी और गर्व का माहौल है।सिविल जज बनने पर हाथरस में मामा,नानी ने बेटी का सम्मान समारोह रखा।
अक्षिता जैन, जिनके पिता नवीन कुमार जैन और माता बबिता जैन हैं, ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनके मामा उमेश बंसल के घर, जो हाथरस के मथुरा रोड स्थित दीप हॉस्पिटल के पास है, पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मामा और नानी सहित पूरे परिवार ने उन्हें सम्मानित किया और उनकी सफलता पर खुशी जाहिर की।
अक्षिता की माता ने भावुक होकर कहा कि उनकी बेटी सिर्फ मथुरा ही नहीं, बल्कि हाथरस की भी बेटी है, जिसने दोनों जिलों का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता को क्षेत्र में बेटियों के बढ़ते आत्मविश्वास और उपलब्धियों का प्रतीक माना जा रहा है।अक्षिता जैन की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज की बेटियाँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
समाज के सभी वर्गों ने अक्षिता जैन को इस बड़ी सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। सभी ने ईश्वर से उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करें और देश व समाज का नाम रोशन करती रहें।

0 Comments