हाथरस जनपद के सासनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह दुर्घटना देर रात बसई काजी गांव के समीप स्टेशन रोड पर घटित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसई काजी निवासी 32 वर्षीय नीरज पुत्र दिनेश चंद्र शर्मा अपनी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीरज की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सासनी पुलिस और एनएचएआई की एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंच गई। वहीं, युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजन भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया गया है कि नीरज अभी अविवाहित था और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का हाथ बटाता था। उसकी इस असामयिक मृत्यु से गांव और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments