भीषण सड़क हादसा: बस ने टेम्पो को मारी जोरदार टक्कर दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल

 


हाथरस जिले की सासनी-इगलास मार्ग पर शिव राधे पेट्रोल पंप के समीप आज एक तेज रफ्तार निजी बस और टेम्पो के बीच भीषण भिड़ंत हो गई  इस दर्दनाक हादसे में टेम्पो सवार दो स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट टेम्पो इगलास की तरफ से स्कूली बच्चों को लेकर सासनी की ओर आ रहा था। तभी सासनी की ओर से बेहद तेज गति में जा रही एक निजी बस ने अनियंत्रित होकर टेम्पो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।

हादसे के वक्त टेम्पो में कई बच्चे सवार थे। इस दुर्घटना में अंशु, कान्हा प्रांशु (पुत्र पुष्पेंद्र पाठक) को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को क्षतिग्रस्त टेम्पो से बाहर निकाला और आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया और वे अस्पताल की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments