हाथरस। जिले के मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय बुजुर्ग साइकिल सवार की जान चली गई। मृतक की पहचान हमीद खान के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे। यह घटना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव एवरनपुर के समीप घटित हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक, हमीद खान शहर में अपना सिलाई का काम खत्म कर कल रात अपनी साइकिल से वापस गांव लौट रहे थे। जब वे गांव एवरनपुर के पास हाईवे पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस जबरदस्त भिड़ंत में हमीद खान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, वहीं बाइक सवार को भी चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
परिजन आनन-फानन में घायल हमीद खान को जिला अस्पताल ले गए, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ में उपचार के दौरान हमीद खान ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उनके शव को वापस हाथरस लेकर आए और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी और एक विवाहित बेटी है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments