हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के ऊतरा गांव में दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ऊतरा गांव में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान इरफान की पत्नी गुलबस गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।घटना की सूचना मिलते ही घायल महिला के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। गोहाना चौकी इंचार्ज जोगिंदर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल गुलबस को सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गुलबस की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चौकी इंचार्ज जोगिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की है। फिलहाल घायल का उपचार जारी है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments