दून पब्लिक स्कूल में कक्षा बारहवीं के लिए ‘शुभकामनाएँ दिवस’ का भव्य आयोजन, उल्लास, संस्कृति और भावनाओं से सजी यादगार विदाई।

 


हाथरस शहर के दून पब्लिक स्कूल में आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को विद्यालय प्रधानाचार्य  जे० के० अग्रवाल के प्रेरणादायी, कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में यादों का जश्न।“शुभकामनाए दिवस” अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। यह समारोह न केवल विदाई का अवसर था, बल्कि आपसी स्नेह, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का जीवंत प्रतीक भी बना।समारोह के आरंभ में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों का पारंपरिक विधि -विधान के साथ तिलक लगाकर एवं फूल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे वातावरण में अपनत्व और उल्लास की अनुभूति हुई।तत्पश्चात कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्य, समस्त कोऑर्डिनेटरों एवं विद्यालय के हेड बॉय-हेड गर्ल द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष गायत्री मंत्र के मधुर उच्चारण के साथ पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के द्वारा किया गया।

प्रधानाचार्य ने बारहवीं के छात्रों को जीवन में आदर्श बातों को अपनाने हेतु प्रतिबद्ध कराने के लिए प्रतिज्ञा (शपथ) दिलाई।इसके उपरांत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत म्यूजिकल प्रस्तुति-"कितने अच्छे लगते हैं, ये नदिया, ये रैना और तुम --- ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही दो मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ विद्यार्थियों की सृजनात्मकता एवं कला कौशल को दर्शाती रहीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के मनोरंजन एवं सहभागिता के लिए विभिन्न रोचक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेलों में विजेता छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य द्वारा पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। 

समारोह का एक अन्य विशेष आकर्षण एक प्रभावशाली नाटक रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से जीवन मूल्यों, गुरु-शिष्य संबंध और विद्यालयीन स्मृतियों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। नाटक ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से प्रांगण गूंज उठा।इस अवसर पर कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में टाइटल समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने बारहवीं के विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य एवं फाउंडेशन कोर्डिनेटर नम्रताअग्रवाल द्वारा विलक्षण उपाधियां, उपहार एवं आकर्षक टाइटल देकर सम्मानित करवाया गया। 

शिक्षक कपिल सोनी एवं शिक्षिका अनुपमा शर्मा ने भी बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वचन कहे।इसके पश्चात विद्यार्थियों का भव्य रैंप वॉक आयोजित किया गया, जिसमें उनके आत्मविश्वास, व्यक्तित्व एवं आकर्षण की झलक देखने को मिली। जिसमें से मिस्टर फेयरवेल छात्र माधव सिंह को एवं मिस फेयरवेल छात्रा धृति राना को चुना गया, छात्र दिव्यांश मोहन को विशेष आकर्षक छात्र का पुरस्कार दिया गया। जिसने कार्यक्रम में विशेष उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के हेड बॉय छात्र यश शर्मा एवं हेड गर्ल छात्रा जपनूर कौर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों एवं अपने शिक्षकों के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। पूरे समारोह को सशक्त, अनुशासित व्यवस्था के साथ सीनियर कोऑर्डिनेटर रीटा शर्मा एवं शिक्षक सागर जोशी ने बखूबी संभाला। प्रभावी मंच संचालन छात्रा स्वस्ति महेश्वरी एवं छात्र भावुक सिंह द्वारा अत्यंत कुशलता के साथ किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य जे० के० अग्रवाल ने कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ देते हुए अपने उद्बोधन में कहा— “प्रिय विद्यार्थियों, आपने अपने विद्यालय जीवन में अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के माध्यम से न केवल स्वयं को निखारा है, बल्कि विद्यालय की गरिमा को भी सदैव ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। जीवन के इस नए पड़ाव पर प्रवेश करते समय अपने लक्ष्यों के प्रति दृढ़ संकल्पित रहें। सफलता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, मानवीय संवेदनाओं और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का आधार बनाए रखें। विद्यालय परिवार को आप पर गर्व है और हमें पूर्ण विश्वास है कि आप जहाँ भी जाएँगे, अपनी प्रतिभा और संस्कारों से विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।”

समारोह के अंत में छात्रा आस्था पाठक द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम भावनात्मक विदाई, मधुर स्मृतियों और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ संपन्न हुआ।

Post a Comment

0 Comments