हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे 93 पर एल. जैन इंटर कॉलेज के निकट बुधवार को अलीगढ़ से सासनी आ रही एक कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई कार में सवार बाल बाल बच गए।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 9 बजे अलीगढ़ निवासी शब्बीर खां की पुत्री का निकाह हाल ही में सासनी के आशा नगर निवासी वसीम खां के साथ तय हुआ था। बुधवार को ही शादी की रस्म पूरी हुई थी। इसी सिलसिले में शब्बीर खां अपने परिवार के सदस्यों के साथ कार में सवार होकर अपनी बेटी को बुलाने और ससुराल पक्ष में शादी की कुछ अन्य रस्में निभाने के लिए सासनी स्थित वसीम खां के घर जा रहे थे। जब उनकी कार एनएच 93 पर स्थित के एल. जैन इंटर कॉलेज के पास पहुंची, तभी अलीगढ़ की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से चालू हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments