हाथरस। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने यूट्यूबर वेदप्रकाश शर्मा की हत्या के मामले में एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिला कारागार अलीगढ़ में बंद दो अभियुक्तों, कमल शर्मा और गौरव शर्मा (दोनों पुत्र हरीश कुमार उर्फ कुल्लो पहलवान), को माननीय न्यायालय के आदेशानुसार पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) पर लिया गया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन लकड़ी के बेस बॉल के डंडे और दो लोहे के पाइप बरामद कर लिए हैं।
यह मामला बीती 6 अप्रैल 2026 का है, जब मकान हड़पने की नीयत से वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की बहन नीतू शर्मा ने थाना सहपऊ पर मुकदमा दर्ज कराया था, जिसे बाद में घटनास्थल कोतवाली नगर क्षेत्र होने के कारण वहां ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस इस मामले में पहले ही 15 आरोपियों को जेल भेज चुकी है, जबकि इन दोनों मुख्य अभियुक्तों ने दिल्ली में सरेंडर किया था। पकड़े गए दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिनमें जानलेवा हमला, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

0 Comments