हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र में आज मंगलवार की शाम आगरा-अलीगढ़ रोड पर हनुमान चौकी के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कानूनगो (राजस्व निरीक्षक) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कानूनगो हाथरस तहसील में तैनात थे और चुनाव ड्यूटी समाप्त कर अपने घर अलीगढ़ लौट रहे थे।इस घटना से तहसील के अधिकारियों, कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सड़क हादसे में कानूनगो की दर्दनाक मौत।
दरअसल,अलीगढ़ निवासी तेजवीर सिंह उम्र लगभग 57 वर्ष पुत्र सूरज पाल, हाथरस तहसील में राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) के पद पर तैनात थे और मुरसान क्षेत्र का कार्यभार देख रहे थे। वह मंगलवार को हाथरस के सरस्वती मंदिर विद्यालय में चुनाव संबंधी ड्यूटी पूरी कर अपनी मोटरसाइकिल से अलीगढ़ स्थित अपने घर वापस जा रहे थे।तभी अलीगढ़ रोड पर हनुमान चौकी के पास एक तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कानूनगो तेजवीर सिंह सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
तहसील अधिकारी और कर्मचारी में शौक की लहर।
हादसे की सूचना मिलते ही तहसील के अधिकारी-कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। लेकरपाल संघ के जिलाअध्यक्ष बलवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि तेजवीर सिंह एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे और ड्यूटी पूरी कर घर जा रहे थे जब यह दुर्घटना हुई। स्थानीय पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तेजवीर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

0 Comments