खेत की कुंडी में डूबकर किसान की मौत,परिवार में मचा कोहराम,

 



हाथरस जिले की सासनी तहसील क्षेत्र के गांव पढील में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में सिंचाई कर रहे एक किसान की पानी की कुंडी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव पढील निवासी 42 वर्षीय किसान किशन सिंह अपने बेटे टिंकू के साथ खेत में फसल को पानी लगा रहे थे। इस दौरान किशन सिंह को भूख लगी, तो बेटा टिंकू घर से खाना लेने के लिए चला गया। कुछ देर बाद जब बेटा खाना लेकर वापस खेत पर पहुंचा, तो उसे अपने पिता खेत पर बनी पानी की कुंडी में गंभीर हालत में पड़े हुए मिले। पिता को ऐसी हालत में देखकर बेटे के होश उड़ गए और उसने शोर मचाया, जिससे आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।

परिजनों ने आनन-फानन में किशन सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. अनंत कुमार ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटे ने बताया कि उनके पिता शुगर की बीमारी से ग्रसित थे।किसान की  मौत से उनकी पत्नी और बच्चों विकास, गौरव, टिंकू व भावना का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments