सासनी। क्षेत्र के अंतर्गत वीरनगर के पास रास्ते के विवाद को लेकर एक महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता ने दो युवकों पर मारपीट करने और आभूषणों की छीनाझपटी करने का भी संगीन आरोप लगाया है। इस मारपीट की घटना में महिला को चोटें आई हैं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी भेजा। पुलिस ने इस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को लालतेश पत्नी राजा (उम्र लगभग 25 वर्ष) अपने पति और अपनी करीब 2 साल की मासूम बच्ची के साथ अपने मायके वीरनगर (थाना सासनी) से अपनी ससुराल भवानीपुर (थाना दादों) जाने के लिए निकली थी। पीड़िता का आरोप है कि जैसे ही वे लोग वीरनगर से सासनी की ओर आ रहे थे, तभी रास्ते में गांव बरसे के निकट दो दबंगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उक्त लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और आभूषण की छीनाछपटी भी की। घटना से घबराए पीड़ित परिवार ने तुरंत मामले की सूचना इलाका पुलिस को दी। जिसके आधार पर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया।
इस संबंध में सासनी थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि रास्ते में से होकर निकलने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई है। पीड़िता द्वारा लगाए गए छीनाझपटी के आरोप प्राथमिक तौर पर गलत पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments