हाथरस जिले में मिलावटखोरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीएम सिकंदराराऊ संजय कुमार के निर्देशन में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्यवाही की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी करतार सिंह ने टीम के साथ सिकंदराराऊ क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्यवाही के दौरान टीम ने रोशनगंज स्थित शौकत अली एन्ड संस के प्रतिष्ठान से दालमोट नमकीन का नमूना संग्रहित किया। इसके पश्चात टीम मंडी गांधी गंज पहुंची, जहाँ अली ऑयल मिल से सरसों के तेल के दो अलग-अलग नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि एकत्रित किए गए सभी नमूनों को सील कर जाँच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जाँच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। खाद्य विभाग की इस सक्रियता को देखकर अन्य खाद्य सामग्री विक्रेताओं और दुकान संचालकों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर खिसकते नजर आए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार की छापेमारी भविष्य में भी जारी रहेगी।


0 Comments